इटारसी। पुराने बस स्टैंड को पुनः शुरू करने और वहां कम से कम पांच मिनट की पिकअप-ड्रॉप सुविधा बहाल करने की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है। इस मुद्दे पर शहर के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने के लिए जनसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति के माध्यम से चरणबद्ध आंदोलन और सत्याग्रह की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
आंदोलनकारी गजानंद तिवारी  के आह्वान पर वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश के. साहू के कार्यालय में आयोजित बैठक में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और अन्य वर्गों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में पुराने बस स्टैंड की मांग को लेकर अब तक हुए आंदोलनों की समीक्षा की गई। इसमें बसों की दस दिनों तक चली हड़ताल, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और विभिन्न वर्गों की सहभागिता से किए गए विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा हुई। आंदोलन के दौरान व्यापारिक संगठनों के समर्थन से इटारसी बाजार बंद भी कराया गया था।
इसके बाद आंदोलनकारियों ने जल सत्याग्रह किया था। इस दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की पहल पर चर्चा हुई थी तथा स्थानीय प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। हालांकि, आंदोलनकारियों का कहना है कि सकारात्मक आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक मांग के अनुरूप कार्रवाई नहीं हुई है।
जनसमिति के माध्यम से बनेगी रणनीति
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि पुराने बस स्टैंड को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर व्यापक जनसमिति बनाई जाएगी। इसमें व्यापारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी, अधिवक्ता और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों को शामिल किया जाएगा। समिति आंदोलन के अगले चरण और सत्याग्रह की रूपरेखा तैयार करेगी।
गजानंद तिवारी ने कहा कि पुराने बस स्टैंड का मुद्दा किसी व्यक्ति या संगठन तक सीमित नहीं है। यह इटारसी शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुविधा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे। जनसमिति के गठन और आगामी आंदोलन की विस्तृत घोषणा जल्द की जाएगी।
ये लोग रहे उपस्थित
बैठक में गजानंद तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश के. साहू, राजेंद्र सिंह रज्जू तोमर, अशोक जैन, सनी चेलानी, केलू उपाध्यक्ष, पंकज राठौर, संतोष गुरयानी, बाबू चौधरी, प्रवीण गांधी, मुकेश गांधी, नेहा चावरे, हरीश अग्रवाल, बस मालिक तिवारी, योगेश मालवीय, आनंद ऊंटवार, रज्जू प्रजापति, नदीम खान, प्रदीप केवट, सुदर्शन भाट और शहजाद खान सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे।
आंदोलन की मुख्य मांग: पुराना बस स्टैंड पुनः शुरू किया जाए और बसों को वहां कम से कम पांच मिनट के पिकअप-ड्रॉप की अनुमति दी जाए।