इटारसी। नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव एक बार फिर विवादों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और स्वच्छता संबंधी कार्रवाई के दौरान उनका एक मेडिकल व्यवसायी और उसके अधिवक्ता भाई से विवाद हो गया। मंगलवार को जयस्तंभ चौक स्थित मेडिकल स्टोर पर शुरू हुई कहासुनी के बाद मामला अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। नगर पालिका की ओर से जहां शासकीय कार्य में बाधा और अभद्रता का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई है, वहीं अधिवक्ता संजय गुप्ता ने सीएमओ, नगर पालिका के कर्मचारी सुरेश यादव और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
बुधवार को इस मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब बड़ी संख्या में अधिवक्ता इटारसी थाने पहुंचे। अधिवक्ताओं ने एसडीएम और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की। विवाद के दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद अब पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
गत्ते के डिब्बे को डस्टबिन मानने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सीएमओ सुरेखा जाटव नगर पालिका कर्मचारियों के साथ बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण कर रही थीं। इस दौरान जयस्तंभ चौक स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर्स पर गत्ते के कार्टून को डस्टबिन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। सीएमओ ने इस पर आपत्ति जताते हुए नीले-पीले डस्टबिन रखने और जुर्माना भरने की बात कही।
मेडिकल व्यवसायी अरविंद गुप्ता ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उनके पास कचरा रखने की व्यवस्था है और वे इसके लिए अलग से जुर्माना नहीं देंगे। उन्होंने कार्रवाई करनी है तो लिखित नोटिस देने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।
व्यवसायी का आरोप है कि सीएमओ के निर्देश पर दुकान के बाहर रखा लकड़ी का शोकेस और अन्य सामान नगर पालिका कर्मचारियों ने जब्त कर लिया तथा पंचनामा बनाया। बाद में व्यवसायी ने नगर पालिका के वाहन से अपना सामान निकाल लिया। इस पर सीएमओ ने उनके खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। दूसरी ओर सीएमओ ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान मेडिकल व्यवसायी ने उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की।
अधिवक्ता ने लगाया धमकाने और दुकान में घुसकर सामान ले जाने का आरोप
इस विवाद में मेडिकल व्यवसायी अरविंद गुप्ता के अधिवक्ता भाई संजय गुप्ता भी सामने आए हैं। उन्होंने बुधवार को इटारसी थाने में सीएमओ सुरेखा जाटव, नगर पालिका कर्मचारी सुरेश यादव और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
अधिवक्ता संजय गुप्ता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि सीएमओ के विरुद्ध न्यायालय में अवमानना के दो प्रकरण लंबित हैं। उनका दावा है कि इन प्रकरणों को समाप्त कराने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और कार्रवाई की धमकी दी जा रही थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सीएमओ नगर पालिका कर्मचारियों के साथ उनके मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं और बिना अनुमति दुकान में प्रवेश कर चार बरनियां उठा ले गईं, जिनमें खांसी की गोलियां, ईनो, हाजमोला और अन्य दवाइयां रखी थीं। इनकी कीमत लगभग एक हजार रुपये बताई गई है।
संजय गुप्ता का कहना है कि जब वे न्यायालय से दुकान पहुंचे तो वहां नगर पालिका कर्मचारियों और अन्य लोगों की भीड़ थी। उन्होंने जब्त सामान की विधिवत सूची, पंचनामा और उसकी प्रति मांगी, ताकि न्यायालय के माध्यम से सामान वापस प्राप्त किया जा सके, लेकिन उन्हें कोई दस्तावेज नहीं दिया गया।
अधिवक्ता ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान सीएमओ ने सार्वजनिक रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उनकी वकालत समाप्त कराने तथा नगर पालिका के खिलाफ पैरवी करने पर कार्रवाई कराने की धमकी दी। उन्होंने इसे अपने पेशेवर कार्य में दबाव बनाने और भयभीत करने का प्रयास बताया है।
26 दुकानदारों पर 5600 रुपये का जुर्माना
मेडिकल स्टोर पर विवाद के बाद सीएमओ ने बाजार के अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी अतिक्रमण और स्वच्छता को लेकर कार्रवाई जारी रखी। जवाहर बाजार, मोहन काका चौराहा, कपड़ा बाजार और पटवा लाइन सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में दुकानों के बाहर रखे सामान की जांच की गई।
नगर पालिका के अनुसार, दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा से अधिक सामान रखने वाले 26 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल 5600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। एक साड़ी दुकान पर भी दुकानदार और सीएमओ के बीच तीखी बहस हुई। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण और स्वच्छता के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
व्यापारी ने उठाए नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल
मेडिकल व्यवसायी अरविंद गुप्ता का कहना है कि शहर में नगर पालिका की ओर से पर्याप्त डस्टबिन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ऐसे में दुकानदार अपनी व्यवस्था से गत्ते के कार्टून में कचरा एकत्र कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दस दिन पहले भी उन पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। उनका कहना है कि नगर पालिका को पहले बाजार में पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था करनी चाहिए, इसके बाद इस तरह की कार्रवाई करनी चाहिए।
सीएमओ बोलीं- व्यापारी ने की अभद्रता
दूसरी ओर सीएमओ सुरेखा जाटव का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। मेडिकल व्यवसायी ने उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। इस संबंध में नगर पालिका की ओर से शासकीय कार्य में बाधा डालने की शिकायत थाने में की गई है।
अब पुलिस जांच पर टिकी नजरें
एक तरफ नगर पालिका प्रशासन शासकीय कार्य में बाधा और अभद्रता की शिकायत कर रहा है, तो दूसरी तरफ अधिवक्ता ने सीएमओ और कर्मचारियों पर दुकान में अवैध प्रवेश, सामान ले जाने तथा धमकी देने के आरोप लगाए हैं। बुधवार को अधिवक्ताओं के सामूहिक रूप से थाने पहुंचने के बाद मामला व्यक्तिगत विवाद से आगे बढ़कर प्रशासन और अधिवक्ता समुदाय के बीच टकराव का विषय बन गया है।
अब देखना होगा कि पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्या कार्रवाई करती है और दुकान में हुई कार्रवाई के दौरान जब्ती, पंचनामा तथा अन्य प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।