इटारसी//
रबी सीजन में किसान के लिए हर दिन कीमती है। गेहूं और चने की बोवनी का समय चल रहा है। खेतों में पलेवा के लिए पानी चाहिए और पानी के लिए निर्बाध बिजली। लेकिन किसानों की सबसे बड़ी जरूरत के समय बिजली विभाग की व्यवस्था ही खेती के आड़े आ रही है। शासन ने कृषि कार्य के लिए प्रतिदिन 10 घंटे बिजली देने का प्रावधान किया है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को 6 से 7 घंटे की सप्लाई ही मिल पा रही है। बाकी समय कभी फीडर फॉल्ट, कभी लोड शेडिंग तो कभी अघोषित कटौती के नाम पर निकल जाता है।
इसका असर अब सीधे खेतों में दिखाई देने लगा है। कहीं आधे खेत में बोवनी हो चुकी है तो आधा खेत पानी के इंतजार में खाली पड़ा है। कहीं सिंचाई के लिए मोटर चालू करने पर लो वोल्टेज के कारण पंप जल रहे हैं। सवाल यह है कि जिस समय किसान को खेत तैयार कर फसल बोनी चाहिए, उस समय वह बिजली विभाग की सप्लाई का इंतजार करने को मजबूर क्यों है?
खेती का सीजन इंतजार नहीं करता, विभाग की व्यवस्था करती है!
किसानों की परेशानी सिर्फ बिजली के कम घंटे मिलने तक सीमित नहीं है। सबसे बड़ी समस्या अनिश्चितता है। किसानों को यह भरोसा नहीं रहता कि बिजली कब आएगी और कितनी देर रहेगी। बार-बार सप्लाई बंद होने से सिंचाई का पूरा गणित बिगड़ जाता है। एक खेत में पानी देने के लिए मोटर चलाने का समय तय नहीं हो पाता। इसका सीधा असर बोवनी की गति पर पड़ रहा है।
पथरौटा, चांदौन, धोखेड़ा, जमानी और केसला ब्लॉक के सहेली, शक्तिपुरा सहित अनेक गांवों में किसान इसी समस्या से जूझ रहे हैं। पथरौटा के एक खेत में आधे हिस्से में फसल अंकुरित हो चुकी है, जबकि दूसरे हिस्से में पानी नहीं पहुंचने के कारण बोवनी तक नहीं हो सकी है। यह तस्वीर बिजली आपूर्ति की अव्यवस्था का खेतों में दिखाई देने वाला परिणाम है।
औद्योगिक क्षेत्र को 24 घंटे, किसान को 10 घंटे भी नहीं!
किसानों की नाराजगी की एक बड़ी वजह बिजली आपूर्ति में दिखाई देने वाला अंतर भी है। चांदौन क्षेत्र के किसानों के अनुसार, बड़े रकबे में गेहूं और चने की बोवनी का काम चल रहा है। नियमानुसार एक सप्ताह दिन और एक सप्ताह रात में बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन बार-बार कटौती के कारण मुश्किल से 6-7 घंटे ही सप्लाई मिल रही है। वहीं, पास के कीरतपुर औद्योगिक क्षेत्र में 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहने की बात किसान उठा रहे हैं।
पथरौटा क्षेत्र के किसानों का कहना है कि कई कृषि कनेक्शन होने के बावजूद 15 दिन बीतने पर भी बोई गई फसल में पानी नहीं लग पा रहा है। धोखेड़ा क्षेत्र में भी प्रतिदिन 6-7 घंटे ही बिजली मिलने से बोवनी में देरी हो रही है।
बिजली मिल भी रही है तो मोटर चलने की गारंटी नहीं
केसला ब्लॉक में समस्या का दूसरा पहलू लो वोल्टेज है। शक्तिपुरा क्षेत्र के किसानों के अनुसार, दिन में बिजली आने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र की जर्जर केबल के कारण वोल्टेज कम रहता है। इससे कृषि पंप की मोटरें जल रही हैं। सहेली क्षेत्र में भी किसान मुश्किल से सात घंटे सिंचाई कर पा रहे हैं।
यानी बिजली विभाग के रिकॉर्ड में भले ही सप्लाई उपलब्ध दिखाई दे, लेकिन किसान के लिए वास्तविक सवाल यह है कि उसे पर्याप्त वोल्टेज के साथ कितनी देर बिजली मिली और उससे कितने खेतों में सिंचाई हो सकी।
चक्काजाम के बाद भी नहीं बदली तस्वीर
बिना सूचना कटौती और अनियमित आपूर्ति से परेशान किसानों ने जमानी सब स्टेशन के सामने चक्काजाम कर विरोध जताया था। किसानों का कहना है कि सिंचाई प्रभावित होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। अब किसानों के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ बोवनी का समय निकल रहा है, दूसरी तरफ बिजली व्यवस्था पर निर्भर खेती का खर्च बढ़ता जा रहा है।
विभाग का दावा- दस घंटे दे रहे बिजली
दूसरी ओर बिजली विभाग के डीजीएम संदीप पांडे का कहना है कि किसानों को निर्धारित नियम के अनुसार 10 घंटे बिजली दी जा रही है। केवल फीडर में फॉल्ट आने पर आपूर्ति प्रभावित होती है। उनके अनुसार, एक दिन पहले भी एक फीडर में फॉल्ट आने से सप्लाई बाधित हुई थी, जिसके कारण किसान आक्रोशित हुए।
लेकिन विभाग के दावे और किसानों के अनुभव के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। यदि 10 घंटे बिजली दी जा रही है तो किसान छह-सात घंटे की सप्लाई की शिकायत क्यों कर रहे हैं? लो वोल्टेज से जल रही मोटरों और अधूरी बोवनी का हिसाब कौन देगा? जरूरत इस बात की है कि विभाग केवल सप्लाई के घंटे गिनने के बजाय गांववार बिजली आपूर्ति, वोल्टेज और फॉल्ट की स्थिति सार्वजनिक करे। क्योंकि रबी की फसल का समय निकल जाने के बाद बिजली व्यवस्था सुधारने का कोई फायदा किसान को नहीं मिलने वाला।
सरकारी आदेश मे 10 घंटे ,खेतों तक पहुंचते-पहुँचते बिजली के घंटे हुए आधे .. ?
खेतों में बोवनी की घड़ी चल रही, किसान 6-7 घंटे की सप्लाई में समेट रहे खेती; कहीं सूख रहा खेत तो कहीं लो वोल्टेज से जल रहे पंप
Continue With Google
Comments (0)