इटारसी। पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच छिड़ी सियासी जंग अब व्यक्तिगत टिप्पणियों और तीखे सवालों तक पहुंच गई है। कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल के आरोपों पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के पलटवार के बाद अब कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष गजानन तिवारी (गज्जू) ने विधायक से सीधा सवाल पूछा है- आखिर आपकी नजर में अच्छे कांग्रेसी कौन हैं? उनके नाम सार्वजनिक कीजिए।
दरअसल, मानक अग्रवाल की पत्रकार वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक डॉ. शर्मा ने कहा था कि पुराने बस स्टैंड पर मानक अग्रवाल के साथ खड़े लोगों में कुछ अच्छे और सभ्य लोग भी थे। कांग्रेस में सभी लोग खराब नहीं हैं, कुछ अच्छे लोग भी हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए मानक अग्रवाल पर बिना प्रमाण आरोप लगाने का आरोप भी लगाया था।
गज्जू का सवाल- अच्छे कांग्रेसियों की सूची सार्वजनिक करें
विधायक की इसी टिप्पणी पर गजानन तिवारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि डॉ. शर्मा ने एक ओर मानक अग्रवाल के साथ मौजूद कुछ कांग्रेसियों को अच्छा और सभ्य बताया, वहीं बाकी लोगों को राहुल गांधी का समर्थक बताते हुए निशाने पर लिया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर उस दिन पुराने बस स्टैंड पर मौजूद कौन-कौन से कांग्रेसी विधायक की नजर में अच्छे थे?
तिवारी ने कहा कि जब मानक अग्रवाल इटारसी आए थे, तब पत्रकार वार्ता हुई और उसके बाद सभी लोग पुराने बस स्टैंड भी पहुंचे थे। वहां कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। विधायक बताएं कि उनमें ऐसे कौन से लोग थे, जो राहुल गांधी के समर्थक नहीं हैं और जिन्हें वे अच्छा मानते हैं?
उन्होंने सवाल को और तीखा करते हुए पूछा कि क्या उन अच्छे कांग्रेसियों में कोई ऐसा भी था, जो विधायक के लिए काम करता है या उनका समर्थक है? यदि ऐसा है तो उनके नाम सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
आंदोलनकारी भी जानना चाहते हैं अच्छे कांग्रेसी कौन?
गजानन तिवारी ने कहा कि यह सवाल सिर्फ उनका व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि पुराने बस स्टैंड की लड़ाई लड़ रहे सभी आंदोलनकारी साथी भी जानना चाहते हैं कि विधायक की नजर में अच्छे कांग्रेसी आखिर कौन हैं। उन्होंने विधायक से स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
बस स्टैंड का मुद्दा अब सियासी प्रतिष्ठा की लड़ाई
गौरतलब है कि पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था बहाल कराने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। प्रदेश कांग्रेस समन्वयक मानक अग्रवाल ने इटारसी पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया था और व्यवस्था बहाल कराने के लिए किसी भी हद तक जाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष पर जमीनों को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए थे।
इसके जवाब में विधायक डॉ. शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए मानक अग्रवाल को इटारसी की समस्याओं की एक प्रतिशत भी जानकारी नहीं होने की बात कही थी। साथ ही आरोपों के प्रमाण प्रस्तुत करने की चुनौती देते हुए बातचीत से समाधान निकालने की नसीहत दी थी।
अब गजानन तिवारी के सवाल ने इस राजनीतिक बहस को एक नया मोड़ दे दिया है। बस स्टैंड की मूल मांग पर सत्ता और विपक्ष के बीच जारी खींचतान के साथ अब अच्छे और बुरे कांग्रेसियों की बहस भी सार्वजनिक मंच पर आ गई है। देखना दिलचस्प होगा कि विधायक इस सवाल का जवाब देते हैं या यह सियासी तकरार इसी तरह आगे बढ़ती है।