इटारसी।
शहर की सड़कों पर अब सफर करना भी चाइनीज मांझे के कारण खतरे से खाली नहीं रह गया है। पतंग उड़ाने के शौक के लिए इस्तेमाल होने वाला यह प्रतिबंधित मांझा राह चलते लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। गुरुवार को ओवरब्रिज पर हुई एक घटना ने एक बार फिर इस खतरे की गंभीरता उजागर कर दी। यहां चाइनीज मांझे की चपेट में आने से दो बाइक सवार घायल हो गए। मांझे की धार इतनी तेज थी कि दोनों के गर्दन, चेहरे और हाथों पर गहरे कट लग गए। गनीमत रही कि समय रहते उन्हें उपचार मिल गया, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, जय यादव और पीयूष पटेल मोटरसाइकिल से पुरानी इटारसी से नर्मदापुरम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज पर अचानक हवा में लटक रहा चाइनीज मांझा उनके संपर्क में आ गया। बाइक की रफ्तार के बीच मांझा सीधे गर्दन और चेहरे की ओर आया। संभलने का मौका मिलने से पहले ही दोनों इसकी चपेट में आ चुके थे। धारदार मांझे से उनके हाथों और गर्दन पर चोटें आईं। दोनों ने किसी तरह मोटरसाइकिल को नियंत्रित कर सड़क किनारे रोका।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने से स्थिति संभल गई। गर्दन जैसे संवेदनशील हिस्से पर मांझे से लगा कट गंभीर परिणाम दे सकता था।
प्रतिबंध कागजों पर, बाजार में कैसे पहुंच रहा मांझा?
चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध होने के बावजूद शहर में इसका इस्तेमाल थम नहीं रहा है। सवाल यह है कि जब इस मांझे की बिक्री प्रतिबंधित है तो फिर यह पतंगबाजों तक पहुंच कैसे रहा है? क्या दुकानों पर नियमित जांच हो रही है? क्या प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है?
पतंगबाजी के मौसम में इस तरह की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। दुकानों पर बिकने वाले मांझे की गुणवत्ता और उसकी प्रकृति की जांच भी जरूरी है। केवल हादसा होने के बाद सक्रिय होने के बजाय प्रशासन को पहले ही बिक्री के स्रोतों पर कार्रवाई करनी होगी।
ओवरब्रिज और मुख्य सड़कें ज्यादा संवेदनशील
ओवरब्रिज जैसे स्थानों पर हवा में उड़ता या टूटकर लटकता मांझा दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से खतरनाक है। यहां वाहन चालक तेज रफ्तार में होते हैं और अचानक सामने आए मांझे से बचने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। गर्दन, चेहरा और हाथ इसकी चपेट में आने वाले सबसे संवेदनशील हिस्से हैं।
शहर में ओवरब्रिज के अलावा मुख्य सड़कों और खुले मार्गों पर भी इस तरह के खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। बिजली के तारों, पेड़ों और सड़क किनारे लटकते मांझे को हटाने के लिए भी नियमित निगरानी की जरूरत है।
हादसे के बाद नहीं, पहले जागे प्रशासन
चाइनीज मांझे से होने वाला नुकसान केवल किसी एक बाइक सवार तक सीमित नहीं है। इसकी चपेट में राहगीर, बच्चे, बुजुर्ग और पक्षी भी आ सकते हैं। ऐसे में पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका के बीच समन्वय बनाकर अभियान चलाने की जरूरत है। प्रतिबंधित मांझे की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई के साथ दुकानों की जांच, सार्वजनिक स्थलों से लटकते मांझे को हटाने और नागरिकों को जागरूक करने की पहल जरूरी है।
ओवरब्रिज पर दो बाइक सवारों का घायल होना महज एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि शहर की सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी चेतावनी है। सवाल यही है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है या अब प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ जमीन पर भी कार्रवाई दिखाई देगी?
ओवरब्रिज पर मौत की डोर बना चाइनीज माँझा ,दो बाइक सवारों की गर्दन और हाथों में लगे गहरे कट
प्रतिबंध के बावजूद शहर में धड़ल्ले से हो रही बिक्री, पतंगबाजी का शौक राहगीरों की जान पर पड़ रहा भारी; आखिर किसकी निगरानी में बिक रहा प्रतिबंधित मांझा?
Continue With Google
Comments (0)