इटारसी/नर्मदापुरम। मानसून की बेरुखी का असर अब जिले के ग्रामीण इलाकों में दिखाई देने लगा है। इस बार सामान्य से करीब 39 प्रतिशत कम बारिश ने आने वाली गर्मी में पेयजल संकट की आशंका बढ़ा दी है। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले की 424 ग्राम पंचायतों के 903 गांवों में किए गए भू-जलस्तर सर्वे में 535 मजरे-टोले ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जहां आने वाले महीनों में पानी की किल्लत गहरा सकती है। कई स्थानों पर भू-जलस्तर दो मीटर तक नीचे चला गया है।
चिंता की बात यह है कि संकट की आहट अभी से मिलने लगी है, जबकि गर्मी का मौसम अभी दूर है। भू-जलस्तर में गिरावट जारी रही तो ग्रामीण क्षेत्रों के हैंडपंप जवाब दे सकते हैं और नलजल योजनाओं के संचालन पर भी असर पड़ सकता है। खासतौर पर पहाड़ी, जंगल और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के सामने पेयजल का संकट पहले खड़ा होने की आशंका है।
इस संभावित स्थिति से निपटने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) ने 9 करोड़ 35 लाख 67 हजार रुपए की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है। हालांकि, फिलहाल यह प्रस्ताव स्वीकृति के इंतजार में है। यानी संकट वाले क्षेत्रों की पहचान तो कर ली गई है, लेकिन जमीनी स्तर पर राहत के इंतजाम शासन की मंजूरी के बाद ही शुरू हो सकेंगे।
औसत से 529.60 मिमी कम हुई बारिश
जिले की सामान्य औसत वर्षा 1370.5 मिलीमीटर है, जबकि इस बार केवल 840.90 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यानी जिले में औसत से 529.60 मिलीमीटर कम पानी बरसा। बारिश की इस कमी का सीधा असर भू-जल पुनर्भरण पर पड़ा है। नतीजा यह है कि कई ग्रामीण इलाकों में भू-जलस्तर तेजी से नीचे खिसका है। विभागीय सर्वे में सामने आए आंकड़े आने वाले गर्मी के मौसम के लिए खतरे का संकेत दे रहे हैं।
सोहागपुर में सबसे ज्यादा 169 मजरे-टोले संवेदनशील
भू-जलस्तर की जांच में जिले के सात विकासखंडों के 535 मजरे-टोलों में पेयजल संकट की आशंका सामने आई है। इनमें सबसे ज्यादा 169 मजरे-टोले सोहागपुर विकासखंड में हैं। इसके अलावा सिवनीमालवा में 79, पिपरिया में 77, केसला में 74, बनखेड़ी में 70, माखननगर में 55 और नर्मदापुरम में 11 मजरे-टोले चिह्नित किए गए हैं।
किस विकासखंड में कितने मजरे-टोले संकट की जद में
विकासखंड ग्राम पंचायत गांव मजरे-टोले
नर्मदापुरम 59 93 11
केसला 49 114 74
माखननगर 63 119 55
सोहागपुर 61 142 169
पिपरिया 52 128 77
बनखेड़ी 55 116 70
सिवनीमालवा 95 191 79
कुल 424 903 535
संकट से निपटने के लिए ये हैं विभाग के इंतजाम
पीएचई ने संभावित जलसंकट से निपटने के लिए कार्ययोजना में कई तरह के उपाय प्रस्तावित किए हैं। इनमें बंद और खराब हैंडपंपों की मरम्मत, जरूरत के अनुसार हैंडपंपों में राइजर पाइप बढ़ाकर उनकी गहराई बढ़ाना, नए नलकूपों का खनन और जरूरत पड़ने पर सिंगल फेस मोटर पंप लगाने जैसे काम शामिल हैं।
यदि किसी गांव में जलस्रोत पूरी तरह सूखने की स्थिति बनती है तो वहां पेयजल परिवहन की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। विभाग का दावा है कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही संभावित प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम शुरू किया जाएगा।
8,794 हैंडपंप और 741 नलजल योजनाओं पर निर्भर ग्रामीण आबादी
जिले के सात विकासखंडों के 903 गांवों में 1 लाख 73 हजार 451 परिवारों के करीब 8 लाख 51 हजार 126 लोग निवास करते हैं। इनकी पेयजल जरूरतों के लिए 8,794 हैंडपंप और 741 नलजल योजनाएं संचालित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 1 लाख 69 हजार 559 नल कनेक्शन भी दिए गए हैं।
ऐसे में भू-जलस्तर में गिरावट केवल हैंडपंपों तक सीमित समस्या नहीं है। यदि जलस्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं रहा तो नलजल योजनाओं के संचालन पर भी संकट आ सकता है। सबसे बड़ी चुनौती उन छोटे और दूरस्थ बसाहटों में होगी, जहां पेयजल के सीमित विकल्प उपलब्ध हैं।
शासन की मंजूरी पर टिकी राहत
अनिल कुमार लगरखा, कार्यपालन यंत्री पीएचई, नर्मदापुरम के अनुसार, बारिश की कमी के कारण जिले के 535 मजरे-टोलों में जलसंकट की आशंका है। कई जगह भू-जलस्तर में दो मीटर तक की गिरावट दर्ज की गई है। संभावित संकट से निपटने के लिए 9 करोड़ 35 लाख 67 हजार रुपए की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई है।
अब सवाल यह है कि जब विभाग ने गर्मी से पहले ही संकटग्रस्त बसाहटों की पहचान कर ली है, तो राहत के इंतजामों के लिए मंजूरी का इंतजार कब तक होगा? यदि प्रस्ताव स्वीकृत होने और काम शुरू होने में देरी हुई तो गर्मी के दिनों में ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ सकता है.
(आँकड़े पत्रिका से साभार)
Continue With Google
Comments (0)