नई दिल्ली।
देश की संसदीय राजनीति में आने वाले वर्षों में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 816 हो सकती हैं। केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी देकर इस दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। प्रस्ताव के मुताबिक राज्यों में लोकसभा की सीटें समानुपातिक आधार पर 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएंगी। खास बात यह है कि बढ़ी हुई सीटों को अगले 25 वर्षों तक फ्रीज रखने का प्रावधान किया गया है।
इस फैसले को केवल महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के संसदीय प्रतिनिधित्व के ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल सके।
दक्षिणी राज्यों की आशंकाओं का समाधान करने की कोशिश
परिसीमन को लेकर सबसे बड़ा राजनीतिक विवाद दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर रहा है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों की चिंता थी कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से अपेक्षाकृत कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों का संसदीय प्रभाव कम हो सकता है।
सरकार ने नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में समानुपातिक रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया है। इसका अर्थ है कि मौजूदा लोकसभा में राज्यों की जितनी प्रतिशत हिस्सेदारी है, लगभग उतनी ही हिस्सेदारी नई व्यवस्था में भी बनी रहेगी।
उदाहरण के तौर पर तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59, कर्नाटक की 28 से 42, आंध्र प्रदेश की 25 से 38 और तेलंगाना की 17 से 26 होने का अनुमान है। इससे दक्षिणी राज्यों की ओर से उठाई जा रही आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की गई है।
25 साल तक नहीं बदलेगा सीटों का अनुपात
प्रस्तावित व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण पहलू सीटों को 25 वर्षों तक फ्रीज रखना है। इसका उद्देश्य राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को स्थिर बनाए रखना है। इससे परिसीमन के बाद भी राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी में अचानक बदलाव की आशंका कम होगी।
हालांकि, इस प्रावधान को लेकर अंतिम स्थिति विधेयक के संसद में पेश होने और पारित होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पहले अटका था विधेयक, अब समर्थन का गणित बदला
इससे पहले बजट सत्र में संविधान संशोधन विधेयक को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण झटका लगा था। मतदान के दौरान 528 सांसद मौजूद थे। विधेयक पारित करने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी, जबकि पक्ष में केवल 298 वोट पड़े थे। इस तरह विधेयक 54 वोटों से पीछे रह गया था।
उस समय विपक्ष ने परिसीमन के प्रस्ताव पर दक्षिणी राज्यों के साथ अन्याय होने की आशंका जताई थी। अब सरकार ने राज्यों में समानुपातिक वृद्धि और सीटों को 25 साल तक फ्रीज रखने का प्रावधान जोड़कर राजनीतिक सहमति बनाने की कोशिश की है।
2029 से संसद में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
महिला आरक्षण लागू होने के बाद लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान प्रभावी होगा। यदि लोकसभा की सदस्य संख्या 816 होती है तो महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी मौजूदा व्यवस्था की तुलना में काफी बढ़ जाएगी।
इसका सीधा असर राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति पर पड़ेगा। अब पार्टियों को केवल महिला मतदाताओं को आकर्षित करने की रणनीति ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवारों को तैयार करने की चुनौती का भी सामना करना होगा।
विशेष सत्र में तय होगी आगे की दिशा
केंद्र सरकार ने संसद की विशेष बैठक बुलाने की जानकारी दी है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। सरकार इस विशेष बैठक में संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है।
अब निगाहें विपक्षी दलों के रुख और संसद में होने वाली बहस पर टिकी हैं। यदि विधेयक आवश्यक बहुमत से पारित हो जाता है तो देश की संसदीय व्यवस्था में एक बड़ा संस्थागत बदलाव संभव होगा। इसका असर केवल लोकसभा की सदस्य संख्या तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले चुनावों में राजनीतिक दलों की रणनीति, प्रतिनिधित्व और सत्ता के समीकरण भी बदल सकते हैं।
नंबर गेम : लोकसभा में 41, राज्यसभा में 11 वोटों की दरकार
परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को इस बार भी दो-तिहाई बहुमत जुटाना होगा। लोकसभा में तीन सीटें खाली होने के कारण फिलहाल 540 सांसद हैं। ऐसे में विधेयक पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के पास 319 सांसदों का समर्थन है। यानी सरकार को 41 अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे। राज्यसभा में भी एनडीए 151 सांसदों के साथ जरूरी 162 के आंकड़े से 11 वोट पीछे है। ऐसे में क्षेत्रीय दलों और विपक्षी खेमे के कुछ दलों की भूमिका निर्णायक हो सकती है।
कांग्रेस का विरोध, सांसदों को व्हिप जारी
परिसीमन विधेयक के विरोध में कांग्रेस ने अपना रुख स्पष्ट करने की तैयारी की है। सोनिया गांधी के आवास पर हुई संसदीय दल की बैठक में विशेष सत्र की रणनीति पर चर्चा हुई। कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को व्हिप जारी कर सत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी दलों की बैठक भी बुलाई गई है। दूसरी ओर शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाला विशेष सत्र परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक टकराव का गवाह बन सकता है
543 से बढ़कर 816 होगी लोकसभा की ताकत, 25 साल तक नहीं बदलेगा सीटों का गणित!
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी तेज, दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने का प्रावधान, 2029 से संसद में दिखेगी महिलाओं की बढ़ी भागीदारी
Continue With Google
Comments (0)