हॉलीवुड स्टार जेंडाया का एक छोटा-सा कथन सिखाता है कि प्रयोग करने वाले ही इतिहास बनाते हैं, आलोचना से डरने वाले नहीं।
इटारसी //एक सवाल है... क्या आपने कभी कोई काम सिर्फ इसलिए नहीं किया, क्योंकि आपको डर था कि लोग क्या कहेंगे? कोई नया व्यवसाय शुरू करने का विचार आया, लेकिन लोगों की प्रतिक्रिया सोचकर कदम पीछे खींच लिए। अपनी पसंद के कपड़े पहनने थे, लेकिन यह सोचकर नहीं पहने कि लोग मजाक उड़ाएंगे। नौकरी बदलने, नया हुनर सीखने या जिंदगी में कोई अलग रास्ता चुनने की इच्छा हुई, लेकिन परिचितों की सलाह और आलोचना के डर ने आपको रोक दिया।
अगर ऐसा है तो हॉलीवुड अभिनेत्री जेंडाया का यह कथन आपके लिए एक जरूरी सबक हो सकता है।
“द ग्रेटेस्ट ऑफ द ग्रेट्स वुडन्ट बी द ग्रेटेस्ट ऑफ द ग्रेट्स इफ दे डिडन्ट ट्राई स्टफ, यू नो व्हाट आई मीन?”
अर्थात्, महान लोगों में जो सबसे महान बने, वे भी महान नहीं बन पाते, अगर उन्होंने नई-नई चीजों को आजमाने का साहस नहीं दिखाया होता।
यह बात सुनने में बहुत साधारण लग सकती है, लेकिन इसके भीतर सफलता का एक बड़ा दर्शन छिपा है। दुनिया में जो लोग अपनी अलग पहचान बनाते हैं, वे हमेशा सही फैसले लेने वाले लोग नहीं होते। वे ऐसे लोग होते हैं जो गलत साबित होने के डर से फैसले लेना बंद नहीं करते।
दूसरों की राय के डर से कहीं खुद को छोटा तो नहीं कर रहे?
हमारे जीवन की एक बड़ी विडंबना है कि हम अपनी जिंदगी के फैसले भी कई बार दूसरों की पसंद और नापसंद के आधार पर लेने लगते हैं। क्या पहनना है, कैसे बोलना है, कौन-सा काम करना है, किस क्षेत्र में आगे बढ़ना है, यहां तक कि अपनी खुशी का इजहार भी हम इस हिसाब से करने लगते हैं कि लोग क्या सोचेंगे।
धीरे-धीरे यह आदत हमारे आत्मविश्वास को कमजोर करने लगती है।
जेंडाया का संदेश इसी मानसिकता पर चोट करता है। उनका कहना है कि यदि आप हर कदम उठाने से पहले दूसरों की प्रतिक्रिया का इंतजार करेंगे तो संभव है कि जिंदगी में कोई नया कदम उठा ही न पाएं।
आलोचना से बचने का सबसे आसान तरीका है कुछ नया न करना। लेकिन इसकी कीमत भी बड़ी है। आप गलतियां करने से तो बच जाएंगे, मगर अपनी संभावनाओं को पहचानने का अवसर भी खो देंगे।
जेंडाया ने खुद आलोचना के बीच चुनी अपनी राह
जेंडाया का यह विचार केवल किताबी प्रेरणा नहीं है। इसके पीछे उनका अपना अनुभव भी है।
24 फरवरी 2016 को एले (ELLE) मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने यह बात कही थी। उस समय उनके ग्रैमी अवॉर्ड्स के दौरान अपनाए गए मुलेट हेयरस्टाइल को लेकर काफी चर्चा और आलोचना हुई थी।
उनका हेयरस्टाइल हर किसी को पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। लेकिन जेंडाया ने लोगों की पसंद को अपनी व्यक्तिगत पसंद पर हावी नहीं होने दिया।
उनकी बात का सार यही था कि दूसरों की राय के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचने लगेंगे तो आगे बढ़ना मुश्किल हो जाएगा। आलोचना बुरी लग सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम अपनी पसंद और प्रयोग करना छोड़ दें।
यही वह सोच है जो किसी व्यक्ति को भीड़ से अलग खड़ा करती है।
असफल प्रयोग भी सफलता की यात्रा का हिस्सा हैं
हम अक्सर सफल लोगों को देखकर यह मान लेते हैं कि उन्हें हमेशा पता था कि उन्हें क्या करना है। उनकी सफलता हमें दिखाई देती है, लेकिन उसके पीछे छिपे प्रयोग, गलतियां और अनिश्चितताएं नहीं दिखाई देतीं।
किसी ने व्यवसाय शुरू किया तो पहली कोशिश सफल नहीं हुई। किसी ने लेखन शुरू किया तो शुरुआती रचनाओं को पहचान नहीं मिली। किसी ने कला के क्षेत्र में नया प्रयोग किया तो लोगों ने उसे स्वीकार नहीं किया।
लेकिन क्या इसका अर्थ यह है कि उन्हें कोशिश करना छोड़ देना चाहिए था?
दरअसल, किसी प्रयोग का असफल होना इस बात का प्रमाण नहीं है कि आप असफल व्यक्ति हैं। कई बार वह आपको यह बताता है कि कौन-सा रास्ता आपके लिए सही नहीं है।
हर कोशिश आपको कुछ नया सिखाती है। कभी अनुभव मिलता है, कभी आत्मविश्वास और कभी अपनी वास्तविक क्षमता पहचानने का अवसर।
याद रखिए, असफलता कोशिश करने की कीमत है और कोशिश न करना संभावनाओं को खो देने की कीमत।
सोशल मीडिया के दौर में सबसे मुश्किल है अपनी पसंद पर भरोसा करना
आज के दौर में जेंडाया का यह विचार और भी प्रासंगिक हो जाता है। सोशल मीडिया ने हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का मंच दिया है। आपकी एक तस्वीर, एक पोस्ट, एक विचार या एक निर्णय पर कुछ ही मिनटों में सैकड़ों प्रतिक्रियाएं आ सकती हैं।
कोई तारीफ करता है तो कोई कमी निकालता है। कोई आपकी शैली को पसंद करता है तो कोई उसका मजाक उड़ाता है।
समस्या तब शुरू होती है जब हम अपनी पहचान दूसरों की प्रतिक्रियाओं से तय करने लगते हैं। लाइक और कमेंट हमारी खुशी का पैमाना बन जाते हैं। हम वही करने लगते हैं जिसे लोग पसंद करें, न कि वह जिसे करने में हमें खुशी मिलती है।
इस प्रक्रिया में सबसे बड़ा नुकसान यह होता है कि हमारी मौलिकता खत्म होने लगती है।
दूसरों से सीखना अच्छी बात है, उनकी सलाह सुनना भी जरूरी है, लेकिन अपनी जिंदगी का हर फैसला दूसरों की स्वीकृति के इंतजार में रोक देना समझदारी नहीं है।
अपनी अलग पहचान बनाने के लिए तीन बातें जरूरी
जेंडाया के इस कथन से जीवन के लिए तीन महत्वपूर्ण सबक निकाले जा सकते हैं।
1. नया करने से मत डरिए: कोई नया काम शुरू करने से पहले यह जरूरी नहीं कि आपको उसकी पूरी सफलता का भरोसा हो। शुरुआत करने का साहस ही आगे का रास्ता खोलता है।
2. आलोचना को अपनी कमजोरी मत बनाइए: हर आलोचना गलत नहीं होती। अच्छी सलाह को स्वीकार कीजिए, लेकिन हर व्यक्ति की राय को अपने आत्मविश्वास पर हावी मत होने दीजिए।
3. अपनी पहचान खुद बनाइए: दूसरों की नकल करके आप उनके जैसे तो बन सकते हैं, लेकिन अपनी अलग पहचान नहीं बना सकते। अपनी पसंद, क्षमता और रचनात्मकता को अवसर दीजिए।
जिंदगी में सबसे बड़ा जोखिम है जोखिम लेने से डरना
जेंडाया का यह कथन हमें यह नहीं सिखाता कि बिना सोचे-समझे कोई भी फैसला कर लिया जाए। इसका वास्तविक अर्थ है कि विवेक के साथ जोखिम उठाने और नए प्रयोग करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
क्योंकि जिंदगी में हर नई शुरुआत के साथ अनिश्चितता जुड़ी होती है। कोई भी व्यक्ति पहले से नहीं जान सकता कि उसका अगला कदम उसे कहां पहुंचाएगा।
लेकिन इतना जरूर है कि जो व्यक्ति कोशिश ही नहीं करता, उसके लिए संभावनाओं के दरवाजे भी नहीं खुलते।
हो सकता है आपका पहला विचार सफल न हो, पहला प्रयास उम्मीद के मुताबिक न निकले या आपका चुना हुआ रास्ता दूसरों को पसंद न आए। लेकिन यही अनुभव आपको बेहतर निर्णय लेने की क्षमता देते हैं।
आखिर में बात इतनी सी है कि दुनिया आपको तभी अलग पहचान पाएगी, जब आप खुद को अलग होने की इजाजत देंगे।
इसलिए अगली बार जब मन में कोई नया विचार आए और दिमाग में सबसे पहला सवाल उठे कि लोग क्या कहेंगे, तो एक पल रुकिए और खुद से पूछिए- अगर मैंने कोशिश ही नहीं की तो मुझे कैसे पता चलेगा कि मैं क्या कर सकता हूं?
क्योंकि महानता की शुरुआत हमेशा किसी बड़े कारनामे से नहीं होती। कई बार इसकी शुरुआत सिर्फ एक छोटे से साहसी प्रयोग से होती है
Continue With Google
Comments (0)